Chhath Puja 2021: देशभर में मुख्य रूप से उत्तरप्रदेश के पूर्वांचल और झारखंड-बिहार में छठ (Chhath Puja) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। दीपावली (Deepawali) के बाद चौथ के दिन नहाय-खाय (Nahay-Khay) से छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। यह पर्व चार दिनों तक चलता है। छठ पर्व का दूसरा दिन खरना (Kharna Parva) कहलाता है, जो कि कार्तिक पंचमी के दिन मनाया जाता है। इस साल खरना 09 नवंबर, दिन मंगलवार को मनाया जा रहा है। इसके बाद षष्ठी और सप्तमी के दिन भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा।
छठ पर्व का दूसरा दिन खरना होता है। खरना का मतलब है शुद्धिकरण। छठ के व्रत में सफाई और स्वच्छता का बहुत महत्व है। पहले दिन नहाय-खाय जहां तन की स्वच्छता करता है, वहीं दूसरे दिन खरना में मन की स्वच्छता पर जोर दिया जाता है। इसके बाद छठ के मूल पर्व षष्ठी का पूजन होता है और भगवान सूर्य को अर्घ्य दे कर उनका आवहन किया जाता है। खरना के दिन तन मन से शुद्ध हो कर छठी मैय्या का प्रसाद बनाया जाता है, जिसके बाद 36 घंटे का व्रत रहते हुए षष्ठी के दिन चढ़ाया जाता है।
नहाय-खाय के दिन पवित्र नदिय या तलाब में नहाने के बाद चने की दाल, लौकी की सब्जी आदि खा कर पूरे दिन निर्जल व्रत रखा जाता है। इसके बाद खरना के दिन शाम के समय सूर्य देवता और छठी मइया का पूजन करने के बाद गुड़ और चावल की खीर बनाई जाती है। इसके साथ आटे की रोटी भी बनाते हैं। ये खाना मिट्टी के नये चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनाया जाता है। खरना के दिन भगवान को भोग लगाने के बाद सबसे पहले व्रती प्रसाद ग्रहण करता है। इस प्रसाद को ग्रहण करने बाद 36 घंटे का निर्जल व्रत शुरू हो जाता है। जो कि सप्तमी के दिन उगते सूर्य के अर्घ्य के साथ समाप्त होता है। इस दिन ही षष्ठी का प्रसाद बनाया जाता है।