Mauni Amavasya 2022: माघ कृष्ण अमावस्या को ही हिन्दू पंचांग के अनुसार मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) के रूप में मनाते हैं। इस दिन माघ का दूसरा शाही स्नान (Second Shahi Snan) होता है। इस बार माघ अमावस्या (Magh Amavasya) साल 2022 की पहली सोमवती अमावस्या है। इसलिए इस अमावस्या का महत्व और बढ़ जाता है। लेकिन इस बार अमावस्या दो दिन रहेगी जिससे लोग सोमवार व मंगलवार दोनों दिन स्नान-दान का पुण्य प्राप्त कर सकेंगे।
मौनी अमावस्या पूजा – ज्योतिषाचार्यों (Astrologers) के अनुसार, इस दिन गंगा स्नान या पवित्र नदियों/जलाशयों में स्नान करना चाहिए। श्राद्ध एवं पितृ तर्पण के लिए भी इस अमावस्या को महत्वपूर्ण माना गया है। मौनी अमावस्या को पीपल के पेड़ की पूजा करना व परिक्रमा करके धागा लपेटने का भी प्रचलन है। गरीबों को अन्न व वस्त्र दान करें। माना जाता है कि इस दिन स्नान-दान से कई गुना शुभ फल प्राप्त होता है।
मौनी अमावस्या तिथि और दिन –
अमावस्या आरंभ- 31 जनवरी 2022, सोमवार को दोपहर 2:20 बजे से।
अमावस्या समाप्त- 1 फरवरी 2022, मंगलवार को सुबह 11 बजकर 16 मिनट पर।
मौनी अमावस्या का महत्त्व – शास्त्रों में मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज के संगम में स्नान का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन यहां देव और पितरों का संगम होता है। शास्त्रों में इस बात का उल्लेख मिलता है कि माघ के महीने में देवतागण प्रयागराज आकर अदृश्य रूप से संगम में स्नान करते हैं। वहीं मौनी अमावस्या के दिन पितृगण पितृलोक से संगम में स्नान करने आते हैं और इस तरह देवता और पितरों का इस दिन संगम होता है। इस दिन किया गया जप, तप, ध्यान, स्नान, दान, यज्ञ, हवन कई गुना फल देता है।
शास्त्रों के अनुसार इस दिन मौन रखना, गंगा स्नान करना और दान देने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। अमावस्या के विषय में कहा गया है कि इस दिन मन, कर्म तथा वाणी के जरिए किसी के लिए अशुभ नहीं सोचना चाहिए। केवल बंद होठों से ” ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नम: तथा “ॐ नम: शिवाय ” मंत्र का जप करते हुए अर्घ्य देने से पापों का शमन एवं पुण्य की प्राप्ति होती है।