Jawad Cyclone: बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए तूफान ‘जवाद’ (Jawad Cyclone) को लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा हाई अलर्ट पर है। चक्रवाती तूफान से बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत आसपास के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान हवा 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी।चक्रवात को देखते हुए NDRF की 46 टीमों को तैनात किया गया है। निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया है। मौसम विभाग (IMD) की माने तो चक्रवात तूफान ‘जवाद’ 9Jawad Cyclone) का असर तमिलनाडु में भी देखने को मिलेगा। चक्रवात को लेकर सरकार काफी सतर्क है और राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज को बंद करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही मछुआरों से समुद्र किनारे नहीं जाने की अपील गई है।
आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार चक्रवात आज उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुँच सकता है। इसके बाद यह अपना रुख ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट की ओर करेगा। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के श्रीकाकुलम, विजियानगरम और विशाखापत्तनम के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा ओडिशा के गजापट्टी, गंजम, पुरी और जगतसिंहपुर जिले भी रेड अलर्ट पर हैं। चक्रवात की वजह से पश्चिम बंगाल (West Bengal) में शनिवार-रविवार और असम, मेघालय व त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में रविवार-सोमवार को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
कई ट्रेनें की गयी रद्द
‘जवाद’ चक्रवात को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे द्वारा रद्द की गई गाड़ियों की लिस्ट भी जारी कर दी गई है। इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने व गुजरने वाली कुछ और ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। प्रशासन ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश से सटे सभी रेल जोन को भी सतर्क रहने का निर्देश है। इसके अलावा रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को 4-5 दिसंबर के लिए रद्द किया है।