उत्तर प्रदेश में चुनाव कुछ महीनों में होने को हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने मेरठ में कहा कि यूपी में गठबंधन की पहली प्राथमिकता समाजवादी पार्टी से ही है। इस संबंध में नेताजी (मुलायम सिंह यादव ) से कई बार वार्ता भी हो चुकी है। नेताजी ने आश्वस्त किया है कि अगर अखिलेश यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को गठबंधन में नहीं लेते हैं तो वो पूरे प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का प्रचार प्रसार करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव से भी फोन पर बातचीत हो चुकी है। साथ ही साथ उन्होने कहा की उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के गठबंधन वाली पार्टी की ही सरकार बनेगी। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी एक जैसी विचारधारा वाली पार्टियों को एक साथ आना होगा।
शिवपाल यादव ने शुक्रवार को मुंबई बाजार स्थित चेंबर भवन में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का राष्ट्रीय पार्टी से गठबंधन होना तय है। शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी को ही प्राथमिकता पर लिया और अन्य दलों के बारे में बात करने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता महंगाई से परेशान है। प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल, गैस और अन्य सामग्रियों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे में गरीब का चूल्हा जलना बंद हो गया है।
शिवपाल ने आगे कहा कि यह चौधरी चरण सिंह की जन्म भूमि है। जिन्होंने किसानों के लिए बहुत काम किया। अब वर्तमान की केंद्र और राज्य सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। नए कृषि कानून लाकर किसानों को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। आंदोलन कर रहे किसानों पर लाठियां बरसाईं जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है, जब उत्तर प्रदेश की जनता झूठे वादे करने वाली भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया पूरे प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा निकाल रही है। पूरे प्रदेश में भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने ओवैसी की पार्टी से गठबंधन पर कोई स्पष्ट जवाब तो नहीं दिया, लेकिन इतना कहा कि अब चुनाव आ गए हैं। इस तरह की अनेकों बातें प्रचार में आएंगी।