Punjab AAP CM Candidate: पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगी आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पंजाब के लिए आम आदमी पार्टी के लिए भगवंत मान (bhagwant mann) के चेहरे की घोषणा की। आम आदमी पार्टी ने सीएम चेहरा खोजने के लिए पंजाब की जनता के लिए एक नंबर जारी किया था। आप द्वारा जारी नंबर पर लगभग 22 लाख लोगों ने सीएम चेहरे के लिए अपनी प्रतिक्रिया दी। लगभग 22 लाख लोगों में से भगवंत मान को 15 लाख से ज्यादा वोट मिले।
आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल में चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर सीएम चेहरे का ऐलान किया। अरविंद केजरीवाल ने जब उनके नाम का ऐलान किया तो मान भावुक हो गए। केजरीवाल ने उन्हें अपने गले लगा लिया। सीएम पद के उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भगवंत मान ने कहा, ‘जब मैं कॉमीडियन था और लोगों के यहां जाता था तो लोग मेरा चेहरा देखकर हंसते थे। जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव आएगा मैंने ऐसा कभी सोचा नहीं था। अब जब मैं बड़ी सभाओं में जाता हूं। लोगों को बीच जाता हूं तो लोग मेरा चेहरा देखकर रोते हैं। कहते हैं हमें बचा लो। हमारे बच्चे गलत संगत में फंस गए हैं।’
Picture of the day ❤️#AAPdaCM #BhagwantMann pic.twitter.com/V0mVg9yaVc
— AAP (@AamAadmiParty) January 18, 2022
गरीबों के हक में अपनी कलम चलाऊंगा
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बनाये जाने के बाद भगवंत मान ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि गरीबों के हक में अपनी कलम चलाऊंगा। उन्होंने कहा, ‘पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी है। लोगों ने हम पर भरोसा किया है। दोगुने उत्साह से काम करूंगा और किसी चेले के लिए नहीं बल्कि गरीबों के हक में अपनी कलम चलाऊंगा। अगर पंजाब की सत्ता हमारे हाथ में आती है तो हम पंजाब के लोगों के हित में फैसले लेंगे। हम किसी तरह के लालच या दबाव में नहीं आएंगे। हमारी पहली जिम्मेदारी सरकार बनाने की है। युवाओं को नौकरी देनी है। पंजाब को पंजाब बनाना है। लंदन और कैलिफोर्निया के बहुत सपने देख लिए।’
भगवंत मान को चेहरा घोषित कर देता, तो लोग भाई भतीजावाद का आरोप लगाते-केजरीवाल
चंढीगढ़ में प्रेस वार्ता कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब के लिए आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा की। अरविन्द केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम ऐलान करते हुए कहा, ‘आज पंजाब के लिए ऐतिहासिक दिन है। पंजाब में आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा कौन होना चाहिए, इसका हर पंजाबी को बेसब्री से इंतजार था। कई महीनों से लोग यही सवाल पूछते थे। मैंने एक ऐसा चेहरा देने के बात कही थी जिस पर हर पंजाबी को गर्व होगा। हमने सीएम चेहरा ढूंढने के लिए अलग प्रक्रिया की। दूसरी पार्टियां बेटे-बहू को सीएम का चेहरा बनाती हैं। मैं भगवंत मान को चेहरा घोषित कर देता, तो लोग भाई भतीजावाद का आरोप लगाते। क्योंकि मान मेरे भाई जैसे हैं। हमने एसएमएस मंगाए। 21 लाख 59 हजार लोगों ने मेसेज भेजे। कई ने मेरा नाम डाल दिया। उनको हटाकर 93 प्रतिशत लोगों ने भगवंत मान का नाम लिया।’