देश के पांच राज्यों में चुनाव हैं। उत्तर प्रदेश में दो चरण का चुनाव हो चूका है। उत्तराखंड और गोवा में मतदान हो चुका है। 20 फरवरी को पंजाब में वोटिंग की जाएगी। पंजाब चुनाव से पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की एंट्री हो गयी है। पूर्व प्रधानमंत्री ने एक वीडियो सन्देश जारी किया है। मनमोहन सिंह ने अपने वीडियो सन्देश में महंगाई, चीन से सीमा विवाद और कोरोना संक्रमण समेत कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा है। पूर्व पीएम ने कहा कि भाजपा ने पीएम मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर पंजाब के सीएम और राज्य के लोगों का अपमानित करने का प्रयास किया।
बीजेपी के राज में अमीर और अमीर हो रहे हैं, जबकि गरीब और भी ज्यादा गरीब
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने वीडियो सन्देश में बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, आज लोग हमारे यानी कांग्रेस के अच्छे कार्यों को याद कर रहे हैं। भाजपा ने पीएम मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री और पंजाब के लोगों का अपमान करने की कोशिश की है। मनमोहन सिंह ने कहा, बीजेपी के राज में अमीर और अमीर हो रहे हैं, जबकि गरीब और भी ज्यादा गरीब होते जा रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार को इकोनॉमी पॉलिसी की कोई समझ नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मामला सिर्फ देश तक ही सीमित नहीं है। यह सरकार विदेश नीति के मामले में भी विफल है। चीन आज हमारी सीमा पर बैठा है और उसकी कोशिश है कि वह हमारे बॉर्डर को पीछे धकेल दे।’
बिना निमंत्रण बिरयानी खाने से रिश्ते नहीं सुधरते
अपने वीडियो सन्देश में पूर्व प्रधांनमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा, राजनेताओं को गले लगाने से, या बिना निमंत्रण के बिरयानी खाने से रिश्ते नहीं सुधरते। भाजपा सरकार का राष्ट्रवाद अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति पर आधारित है। संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा के नाम पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई थी। किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की कोशिश की गई। मनमोहन सिंह ने कहा कि दुनिया पंजाबियों की बहादुरी, देशभक्ति और बलिदान को सलाम करती है, लेकिन राजग सरकार ने इस बारे में कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा कि पंजाब के रहने वाले एक सच्चे भारतीय के रूप में इन सभी चीजों ने मुझे बहुत आहत किया है।
पूर्व पीएम का चुनावी सन्देश
पंजाब की जनता के नाम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का संदेश। pic.twitter.com/EYkPWZObo2
— Congress (@INCIndia) February 17, 2022