दुनिया के महान स्पिनरों में शुमार ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर शेन वॉर्न का शुक्रवार शाम को निधन (Shane Warne is no more) हो गया। शेन वॉर्न का निधन (Shane Warne Death) 52 साल की उम्र में हुआ हुआ। वॉर्न का अचानक चला जाना पूरे क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ा झटका है। जानकारी के अनुसार शेन वॉर्न का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। शेन वॉर्न अपने निधन के वक्त थाईलैंड में मौजूद थे। बताया जा रहा है शेन वॉर्न अपने विला में मौजूद थे, और उन्हें वहां अचेत पाया गया।
शेन वॉर्न के मैनेजमेंट द्वारा जारी इस बयान में कहा गया कि उनकी मृत्यु थाईलैंड के कोह सामुई में हुई। जारी बयान में कहा गया, ‘शेन अपने विला में अचेत अवस्था में पाए गए और डॉक्टरों के बेहतर प्रयासों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका।’ वहीं मैनेजमेंट ने जारी किए बयान में कहा, ‘परिवार इस समय गोपनीयता का अनुरोध करता है और उचित समय में और विवरण प्रदान करेगा।’ बता दें शेन वॉर्न ने बृहस्पतिवार को ही थाईलैंड स्थित अपने विला की फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की थी।
शेन ने की थी इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंद
महान क्रिकेटर और लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने टेस्ट क्रिकेट में 700 से ज्यादा विकेट झटके और दुनिया के महानतम बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया है। शेन वॉर्न ने अपनी जादूगिरी में उस समय के सभी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को फसाया है। 1993 के एशेज के दौरान मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले हए टेस्ट मैच में शेन वॉर्न ने इंग्लैंड के माइक गेटिंग को जिस गेंद पर बोल्ड किया था, उसे क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंद कही जाती है। कहा जाता है की शेन वॉर्न की वह जादुई गेंद लगभग 90 डिग्री घूमी थी। उस गेंद के बाद से शेन वॉर्न की जिंदगी बदल गयी।
शेन वॉर्न का जन्म आस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में 13 सितंबर 1969 को हुआ था। शेन वॉर्न ने 1992 से लेकर 2007 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने 145 टेस्ट मैच और 194 एकदिवसीय इंटरनेशनल मुकाबले खेले थे। शेन वॉर्न ने 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट झटके थे जबकि वनडे मैच में खेलते हुए उनके नाम 293 विकेट हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन एक मैच में 128 रन देकर 12 विकेट रहा था तो वहीं एक पारी में 71 रन देकर 8 विकेट रहा था। शेन वॉर्न सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 13 सितंबर 1969 को जन्मे शेन वॉर्न ने 4 मार्च 2022 को दुनिया को अलविदा कह दिया।