मध्य प्रदेश के सतना से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां 14 दिसंबर को एक परिवार में धूमधाम से शादी हो रही थी। दुल्हन ने दूल्हे के साथ विवाह की सारी रस्में निभाईं। दुल्हन मायके से विदा भी हुई लेकिन रास्ते में पति से कार रुकवाई और प्रेमी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हप गयी। लड़की अपने प्रेमी के साथ ही आगे का जीवन बिताना चाहती है। हालाँकि पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और एसडीएम के सामने पेश किया। बयान दर्ज होने के बाद वह सभी की मर्जी से प्रेमी के घर चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला सतना के अहिरगांव का बताया जा रहा है। यहां कुशवाहा परिवार में शादी थी, सोमवार शाम गाजे-बाजे के साथ दूल्हा बारात लेकर पहुंचा। उसने पूरे हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दुल्हन के साथ सात फेरे लिए। शादी की रस्म पूरी होने के बाद मंगलवार दोपहर दुल्हन की विदाई हुई और दूल्हे संग वो कार में सवार होकर अपने ससुराल के लिए रवाना हुई।
कार अभी 4 किमी दूर ही गई थी कि दुल्हन ने कार को रुकवाया और मोटरसाइकिल लेकर आए अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना से हैरान दूल्हा वापस गांव गया और लड़की के परिवार को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुल्हन के परिजन मौके पर पहुंचे। दूसरी ओर, इस घटना के बाद दुल्हन के भाई ने सिविल लाइन थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत सुनते ही पुलिस सकते में आई चारों तरफ नाकाबंदी कर दी। देर रात मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने लड़की और लड़के को बरामद किया।
बताया जाता है कि पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका को एसडीएम के सामने पेश किया। लड़की ने एसडीएम के सामने ही कह दिया कि उसे ससुराल और मायके दोनों ही जगह नहीं जाना। उसने एसडीएम से कहा कि वह प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है।