उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) को होने में लगभग चार महीने का समय शेष है। चुनाव से पहले सभी सियासी दाल आपसी गठजोड़ करने में लगे हुए हैं। नेताओं का एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जाना लगातार चल रहा है। इसी बीच प्रसपा (PSP Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही PSP का गठबंधन एक बड़ी पार्टी से हो सकता है। हालांकि शिवपाल सिंह यादव ने उस दल का नाम नहीं बताया है। प्रसपा के किसी बड़े दल से गठबंधन को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज हो गई है।
पटेल विचार मंच के तत्वावधान में के के महाविद्यालय में सरदार पटेल जयंती की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम में शिरकत करने पहुचे प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव में पक्का तालाब चौराहे पर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व कार्यक्रम में बोले कि सरदार पटेल की तरह अडिग होकर जीने की हर किसी को जरूरत है। सरदार पटेल कट्टरवाद के खिलाफ थे, वो देश का बंटवारा नहीं करना चाहते थे, बल्कि देश को एकजुट रखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि यदि वह देश के प्रधानमंत्री होते तो देश की तस्वीर ही अलग होती। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रसपा जिस दल के साथ होगी, उसी की यूपी में 2022 में सरकार बनेगी। यूपी विधानसभा चुनाव के मददेनजर प्रसपा जल्द ही एक बड़े राष्ट्रीय दल से गठबंधन करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रसपा सभी छोटे दलों को साथ लेकर पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी। चुनाव को लेकर उनकी परिवर्तन यात्रा जारी है। उन्होंने कहा अब यह यात्रा नहीं रुकने वाली है। यह यात्रा परिवर्तन करके ही रुकेगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह लक्ष्मण ने राम को अपना आदर्श माना और उनके मार्गदर्शन पर चलते रहे। उसी तरह वह नेताजी मुलायम सिंह को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं। 12 अक्तूबर से शुरु हुई उनकी रथयात्रा अब रुकने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह लक्ष्मण ने अपने भाई राम को आदर्श माना था, उसी तरह वह भी नेता जी को आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं। वह बोले कि सपा से गठबंधन पर अपनी बात रख चुके हैं, अब अखिलेश के जवाब में देरी दिख रही है। बड़े भाई नेता जी पर ही भरोसा है क्योंकि नेता जी कई दफा इस बात का संकेत दे चुके हैं कि वह अखिलेश से वार्ता करके सब कुछ ठीक कर देंगे।