UP Election Congress Candidate List 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2022) होने को अब महज कुछ दिन ही शेष रह गए है। इस बीच कांग्रेस (Congress) ने चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर 125 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें 50 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा गया है। प्रियंका गांधी ने महिलाओं के नामों का एलान करते हुए कहा कि ये सभी महिलाएं संघर्ष करने वाली हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां आशा देवी को भी टिकट दिया है। वहीं इस सूची में महिलाओं के साथ-साथ कुछ पत्रकार, अभिनेत्री और समाज सेवी भी शामिल हैं।
लिस्ट में 40 फीसदी महिलाएं
प्रत्याशियों की सूची कांग्रेस महासचिव और यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा (Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra) ने जारी किया है। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हमारी 40 फीसदी उम्मीदवार महिलाएं होंगी। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले लोग हमारे प्रत्याशी हों।
बात करें इस लिस्ट में उम्मीदवारों की तो, शाहजहांपुर से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडेय (Poonam Pandey) को प्रत्याशी बनाया गया है। पूनम पांडेय ने मानदेय बढ़ाने के लिए आंदोलन किया था। इसके अलावा कांग्रेस ने महिला पत्रकार निदा अहमद (Journalist Nida Ahmed) को भी टिकट दिया है। निदा अहमद को संभल विधानसभा सीट से कांग्रेस चुनावी मैदान में उतार रही है। जबकि नोएडा से पंखुड़ी पाठक (Pankhuri Pathak) को उम्मीदवार बनाया है। वहीं मेरठ में हस्तिनापुर से अर्चना गौतम (Archana Gautam) और किठौर से बबीता गुर्जर को टिकट दिया है। इसके साथ ही सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी कांग्रेस ने ओबरा सीट से टिकट दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी को भी मिला टिकट
वहीं अगर बात करें बड़े नामों की तो पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद (Ex Minister Salman Khurshid) की पत्नी लुईस खुर्शीद (Louise Khurshid) को कांग्रेस ने फरुखाबाद विधानसभा सीट से उम्मीदवारी दी है। आपको बताते चलें कि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। यूपी में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। जबकि वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। वहीं चुनाव आयोग (Election Commission) ने कोरोना के मद्देनज़र यूपी, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों (Assembly Election 2022) के लिए 15 जनवरी तक किसी भी राजनीतिक रैलियों और रोड शो की अनुमति नहीं दी है।